Thursday, January 20, 2011

सुशील का अमर उजाला से इस्तीफा, कईयों की नई पारी


जनवाणी मेरठ से खबर आ रही है कि यहां दो और लोगों ने अपनी नई पारी शुरूआत की है। सूत्रों ने बताया कि दैनिक अमर उजाला के सीनियर रिपोर्टर सुशील विहान ने संस्थान से इस्‍तीफा दे अपनी नई पारी शुरु की है। वे गाजियाबाद की कमान संभालेंगे। वहीं दैनिक जागरण, हरिद्वार से चीफ सब एडिटर नवीन पांडेय ने भी संस्थान से इस्‍तीफा दे दिया है। नवीन काफी दिनो से जागरण के साथ जुड़े हुए थे। वे जनवाणी, हरिद्वार की जिम्‍मेदारी निभाएंगे।
उधर, दैनिक जागरण, सिलीगुड़ी से खबर है कि यहां विकेट गिरने का सिलसिला जारी है। अब खबर आ रही है कि विज्ञापन विभाग से जुड़े कुणाल ने भी जागरण को अलविदा बोल दिया है। यही नहीं यहां के जूनियर सब एडिटर सोना डे ने भी संस्थान से इस्‍तीफा दे दिया है।
दैनिक जागरण, लखनऊ से खबर है कि यहां के सीनियर फोटोग्राफर रहे आरबी थापा ने अपनी नई पारी की शुरुआत जनसंदेश, लखनऊ के साथ शुरू की है। उन्‍हें चीफ फोटोग्राफर बनाया गया है। थापा नवभारत टाइम्‍स, लखनऊ, कुबेर टाइम्‍स, हिन्‍दुस्‍तान आदि में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उधर, पंजाब केसरी से खबर है कि यहां से सत्‍यव्रत ने इस्‍तीफा दे दिया है। वे  अपनी नई पारी की शुरुआत कलानौर में दैनिक जागरण के साथ शुरू की है।

योगेष भट्ट बने जनवाणी के उत्तराखंड हेड

योगेष भट्ट ने जनवाणी में बतौर डीएनई ज्वाइन कर लिया है। वे उत्तराखंड के स्टेट हेड होंगे। अमर उजाला के स्टेट ब्यूरो में कार्यरत योगेष ने बीते एक दषक में राज्य में बतौर सजग पत्रकार अपनी पहचान बनाई है। उत्तराखंड आंदोलन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इसी के साथ दैनिक जागरण के हरिद्वार इंचार्ज नवीन पांडे ने भी जनवाणी के साथ अपनी चीफ सब एडीटर के रूप में नई पारी की शुरूआत कर दी है। बीते दो साल में हरिद्वार में जागरण को जमाने में नवीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अपने कॅरियर की शुरूआत में वे स्वतंत्र भारत और सहारा में रहे।

मेरठ में और तीखी हुई अखबारी जंग

पश्चिमी यूपी की अखबारी दुनिया का केंद्र इन दिनों मेरठ के छीपी टैंक स्थित जनवाणी का दफ्तर बना हुआ है। पत्रकारों को तोडऩे, जोडऩे और मनाने की कवायदों के अलावा क्राइसिस मैनेजमेंट करने में जुटे लोग मेरठ में जनवाणी के आगामी कदमों पर ध्यान रख रहे हैं।
       सूत्र बताते हैं कि जनवाणी के मौजूदा ऑफिस के बाहर जागरण, अमर उजाला और हिंदुस्तान के 'भेदिये' हैं, तो वहीं जागरण, अमर उजाला और हिंदुस्तान के विकेट गिराने में जनवाणी के शीर्ष लोग लगातार कसरत कर रहे हैं। हाल ही में खबर मिली है कि दैनिक जागरण की बागपत ब्यूरो की पूरी टीम ने संपादकीय टीम के इंचार्ज जयवीर तोमर समेत इस्तीफा दे दिया है, जिन्हें मनाने मेरठ से जागरण के पुराने विश्वस्त राजबीर सिंह को बागपत भेजा गया है। अब देखना यह है कि राजवीर सिंह जागरण की कितनी और विकटों को गिरने से बचा पाते हैं।
       उधर करीब एक माह पहले जागरण प्रबंधन से खफा होकर इस्तीफा देने वाले मृदुल त्यागी भी फिर से जागरण की टीम का हिस्सा बन गये हैं। इसी तरह लखनऊ में जागरण के उर्दू अखबार की लांचिंग टलने के बाद नोएडा में कुछ दिन गुजारने वाले पश्चिमी यूपी के धुरंधर पत्रकार रियाज हाशमी भी इस्तीफे के बाद पुन: जागरण में लौट आये हैं।
        खबर है कि जनवाणी ने सभी डेस्कों के लिए अंतिम लिस्ट फाइनल कर ली है। जिसमें हर पद के लिए तीन लोगों को रखा गया है। ताकि एक या दो के वापस अपने पुराने संस्थान पहुंचने पर भी कोई फर्क न पड़े। जागरण से जनवाणी पहुंचे अक्षय और हर्ष कुमार इस लिस्ट को अंतिम रूप दे रहे हैं। अब तक जो खबरें छनकर आई हैं, उनके अनुसार जागरण से जनवाणी पहुंचे अक्षय कुमार को जनरल डेस्क और जागरण के पुराने कर्मचारी व हाल ही में पश्चिमी यूपी के पाक्षिक 'एक कदम आगे' में कार्यरत सचिन श्रीवास्तव को फीचर डेस्क की जिम्मेदारी दी गई है। इन दोनों ने ही अपनी-अपनी टीम फाइनल कर ली है। प्रादेशिक डेस्क और सिटी की टीम की जिम्मेदारी किसे दी गई है इस बारे में अभी पुष्ट खबरें पता नहीं चली हैं।
       उधर जनवाणी में लोगों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। जागरण की विभिन्न यूनिट के करीब 40 लोग अगले एक-दो सप्ताह में जनवाणी का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि जागरण प्रबंधन ने इस स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और जागरण का दामन छोडऩे वालों की लिस्टें तैयार करवानी शुरू कर दी हैं। लोगों को रोकने के लिए प्रलोभन और इग्नोरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इसके साथ अमर उजाला और हिंदुस्तान ने अपने-अपने 'भेदिये' जनवाणी के दफ्तर के बाहर तैनात कर दिये हैं। जागरण में तो हाल यह है कि जो लोग छुट्टी के लिए एप्लीकेशन देते हैं उनकी हर मूवमेंट पर प्रबंधन कड़ी नजर रख रहा है। छोटी-मोटी गलतियों के अलावा खबर रिपीट होने और हैडिंग गलत होने पर भी जागरण प्रबंधन सख्ती नहीं बरत रहा है।
      सूत्र बताते हैं कि जागरण, अमर उजाला और हिंदुस्तान के कई शीर्ष पदाधिकारी जो जनवाणी का हिस्सा नहीं बनेंगे, लेकिन जनवाणी टीम को पूरी मदद के मूड में हैं। असल में विभिन्न अखबारों में प्रबंधन के बढ़ते जोर के कारण संपादकीय के कई लोग अपने-अपने अखबारों से नाखुश हैं और उन्हें उम्मीद है कि यशपाल सिंह जैसे खांटी और आदर्शवादी पत्रकार के नेतृत्व में जनवाणी में संपादकीय की सत्ता पुन: स्थापित होगी और अन्य अखबारों की भी आंखें खुलेंगी। अगर जनवाणी अखबार सफल होता है तो यह संपादकीय टीम की मैनेजमेंट पर जीत के रूप में देखा जाएगा। यशपाल सिंह के व्यक्तिगत संबंधों के कारण भी कई पुराने दिग्गज उन्हें परदे के पीछे से भरपूर सहयोग कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि जागरण, उजाला व हिंदुस्तान प्रबंधन की मीटिंग खत्म होते ही मीटिंग में डिस्कस हुए मुद्दों और उनकी रणनीति यशपाल सिंह के पास पहुंचा दी जाती है।

मेरठ से लांच होगा 'दैनिक जनवाणी'

यशपाल
यशपाल के बाद रवि शर्मा का भी इस्तीफा : दैनिक जागरण, मेरठ में भगदड़ : कई और लोग हैं कतार में : रियाज हाशमी उर्दू दैनिक इन्कलाब के रेजीडेंट एडिटर (यूपी) बनाए गए : अवनीश त्यागी का तबादला जागरण के स्टेट ब्यूरो के लिए लखनऊ हुआ : दैनिक जागरण मेरठ के न्यूजरूम में भगदड़ मची हुई है। कई बड़े नाम संस्थान छोड़ चुके हैं या विदा हो चुके हैं। जनरल डेस्क प्रभारी यशपाल सिंह ने सोमवार को इस्तीफा दिया तो सिटी चीफ रवि शर्मा ने मंगलवार को निदेशकगणों को इस्तीफा सौंप दिया। दोनों गॉडविन ग्रुप के अखबार 'दैनिक जनवाणी' में गये हैं जो जल्द ही मेरठ से प्रकाशित होने जा रहा है। वहीं, दैनिक जागरण में वेस्ट यूपी स्टेट डेस्क हेड रियाज हाशमी को जागरण ग्रुप के लखनऊ से प्रकाशित होने जा रहे उर्दू दैनिक इन्कलाब का रेजीडेंट एडिटर बना दिये जाने के कारण सोमवार को उन्हें रिलीव कर दिया गया। इसके अलावा सिटी रिपोर्टिंग टीम के दो सदस्य रजनीश त्रिपाठी और अनुज मित्तल पिछले हफ्ते जागरण को अलविदा कहकर अमर उजाला चले गये। इससे पहले सिटी के क्राइम रिपोर्टर सचिन त्यागी इस्तीफा दे चुके हैं।
वहीं, मंगलवार को ही मेरठ सिटी टीम के वरिष्ठ रिपोर्टर अवनीश त्यागी को रिलीव कर दिया गया है। उन्हें लखनऊ में दैनिक जागरण स्टेट ब्यूरो के लिए रवाना किया गया है। इसके
अलावा एक और पुराने जर्नलिस्ट दूसरे अखबार से संपर्क में हैं जिनके कभी भी इस्तीफा देने की संभावना है। अगले एक हफ्ते में दैनिक जागरण की संपादकीय टीम से दर्जन भर लोग एक के बाद एक-एक करके इस्तीफे देने की योजना बनाए हुए हैं। विज्ञापन और तकनीकी टीम के भी कई लोग जागरण को छोड़ने जा रहे हैं। संक्रांतिकाल की स्थिति में दैनिक जागरण के निदेशकगणों ने मंगलवार की शाम को कोर टीम की मीटिंग की, जिसमें संस्थान छोड़ने वाले संभावित लोगों के नामों पर चर्चा हुई।
दैनिक जागरण, मेरठ के सिटी चीफ रवि शर्मा इसके पहले दैनिक जागरण, आगरा में सिटी चीफ थे। आगरा में उन्होंने पिछले साल सितम्बर में सिटी इंचार्ज के रूप में कार्य संभाला। उनके कार्यकाल में आगरा में जागरण के प्रसार में अच्छी खासी ग्रोथ हुई। प्रबंधन ने रवि को मेरठ में फिर बुला लिया, इसी साल अगस्त माह में। रवि ने समय समय पर प्रबंधन द्वारा दिये गये विभिन्न लक्ष्य हासिल किये। संपादकीय के साथ ही साथ विज्ञापन व प्रसार में उन्हें महारत हासिल है। रवि ने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। बाद में सब एडिटर के रूप में दैनिक जागरण में आए। यहीं वह लगातार प्रमोशन पाते रहे। अभी उनका पद दैनिक जागरण में मुख्य उप संपादक का था।